- ग्राहक बनकर आया युवक, भरोसा जीतकर दिया वारदात को अंजाम
Jamshedpur Jewellery Theft : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के सामने विश्वनाथ ज्वेलर्स में एक शातिर युवक ने ग्राहक बनकर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया। दुकान मालिक विश्वनाथ दत्ता ने बताया कि घटना के समय वह किसी काम से बाहर गए हुए थे और दुकान पर उनका बेटा अभिजीत मौजूद था। इसी दौरान आरोपी युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और गहने दिखाने की मांग की।
बातचीत में उलझाकर सोने का डिब्बा लेकर फरार
अभिजीत युवक को अलग-अलग आभूषण दिखाने में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत के दौरान उसे अपने झांसे में उलझा लिया और मौका पाकर सोने से भरा एक डिब्बा चुपचाप लेकर दुकान से निकल गया। कुछ देर बाद अभिजीत को शक हुआ। जब उसने सामान की जांच की तो एक डिब्बा गायब पाया गया, जिसके बाद तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पहले भी कर चुका था रेकी
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि वही युवक गहनों से भरा बॉक्स लेकर दुकान से बाहर निकल रहा है। दुकानदार के अनुसार चोरी हुए गहनों का वजन करीब 160 से 170 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 23 से 24 लाख रुपये आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी युवक एक दिन पहले भी दुकान पर आया था और छोटे-मोटे गहने खरीदकर दुकानदार का भरोसा जीत चुका था। इसके बाद उसने अगले दिन आकर इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। मामले को लेकर बचनदेव कुचुर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : Kolhan University retirement process : कोल्हान विश्वविद्यालय ने पेश की मिसाल, डॉ. एसएन ठाकुर की सेवानिवृत्ति प्रक्रिया एक दिन में पूरी



