तड़के लगी आग से मची अफरा-तफरी, शॉर्ट सर्किट की आशंका
Koderma Fire : झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा के अंबाकोला रोड स्थित एक फर्नीचर गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद तेज रोशनी दिखाई पड़ी। आसपास के लोग जब बाहर निकले तो देखा कि करमा निवासी जफीर अंसारी के गोदाम में आग तेजी से फैल चुकी थी।
मौके पर पहुंची दमकल, चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत गोदाम मालिक जफीर अंसारी को सूचित किया, जो उस समय बरही में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। सूचना मिलते ही वह वापस करमा पहुंचे। इस बीच अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर होने के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
50 लाख से अधिक का नुकसान, महंगे उपकरण भी खाक
गोदाम मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि उनके गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर के अलावा लोहे की अलमारी, फ्रिज, कूलर सहित कई महंगे सामान रखे हुए थे, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने बताया कि इस अगलगी में उन्हें 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, जिससे उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हाई टेंशन तार को लेकर उठे सवाल, पहले भी दी गई थी शिकायत
इधर स्थानीय मुखिया पति अनिल यादव ने घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जफीर अंसारी के मकान के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को लिखित शिकायत देकर तार को मकान के बगल से हटाने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण यह घटना हुई है और इसका खामियाजा गोदाम मालिक को भुगतना पड़ा।
निर्माण और सुरक्षा मानकों को लेकर भी उठी बहस
वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई टेंशन तार पहले से ही वहां मौजूद था और उसके बाद मकान का निर्माण किया गया। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी इस घटना का एक कारण हो सकती है।
गौरतलब है कि कोडरमा जिले के कई इलाकों में इस तरह हाई टेंशन तारों के नीचे या आसपास बिना पर्याप्त सुरक्षा के मकान और दुकानें बना दी जाती हैं, जो भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं।



