मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक का टुकड़ा व 20 मीटर सिग्नल केबल बरामद
Chakradharpur Railway: पश्चिमी सिंहभूम जिले के अंतर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल (Chakradharpur Railway Division) के मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ की गश्ती टीम ने रेलवे संपत्ति चोरी करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से आरपीएफ ने रेलवे ट्रैक का कटा हुआ टुकड़ा और सिग्नल प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली करीब 20 मीटर क्वाड रिलीज केबल बरामद किया है। आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Chakradharpur Railway: आधी रात को गश्त के दौरान आरपीएफ जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा
आरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान शिवा मुखी, शंकर महतो और सावन पूर्ति के रूप में हुई है। दरअसल, गुरुवार देर रात रेलवे सुरक्षा बल की एक विशेष टीम मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर नियमित गश्त कर रही थी।
रात करीब 12:45 बजे मनोहरपुर से जराईकेला की ओर जाने वाली तीसरी रेल लाइन के दाहिनी तरफ तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। वे अपने कंधों पर भारी सामान लेकर जा रहे थे। रेलवे किलोमीटर संख्या 373/33ए से 35ए के समीप जैसे ही उनकी नजर आरपीएफ के गश्ती दल पर पड़ी, तीनों सामान लेकर भागने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद मुस्तैद जवानों ने तत्काल पीछा किया और घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
Chakradharpur Railway: एक मीटर कटा ट्रैक और 20 मीटर क्वाड रिलीज केबल हुई बरामद
गिरफ्तारी के बाद जब आरपीएफ टीम ने आरोपियों के पास मौजूद सामान की तलाशी ली, तो उसमें रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्ति मिली। आरोपियों के पास से करीब एक मीटर लंबा रेलवे ट्रैक का कटा हुआ टुकड़ा बरामद हुआ।
इसके अलावा रेलवे की सिग्नल प्रणाली में उपयोग होने वाली क्वाड रिलीज केबल के दो कटे हुए हिस्से भी उनके पास से मिले। इन दोनों कटे हुए टुकड़ों की कुल लंबाई करीब 20 मीटर है। आरपीएफ ने मौके पर ही सभी बरामद सामग्रियों को विधिवत रूप से जब्त कर लिया। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट मनोहरपुर में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत शिवा मुखी, शंकर महतो और सावन पूर्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रेल परिचालन और यात्री सुरक्षा से जुड़ा है मामला, जारी रहेगा अभियान
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक और सिग्नल प्रणाली से जुड़ी सामग्री की चोरी एक बेहद गंभीर अपराध है। सिग्नल केबल या पटरी के कटने से न केवल रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है, बल्कि हजारों रेल यात्रियों की सुरक्षा भी बड़े खतरे में पड़ सकती है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस तरह की चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील रेलखंडों में निगरानी और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : CM Jamshedpur Visit: पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के घर पहुंचे मुख्यमंत्री, स्वर्गीय मां को दी श्रद्धांजलि


