spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Weather Update: 72 घंटे में 6 डिग्री गिरा पारा, बढ़ी कनकनी

Related Posts

Jharkhand Weather Update: 72 घंटे में 6 डिग्री गिरा पारा, बढ़ी कनकनी

जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 15.1, रांची में 9.8 व लातेहार में सबसे कम 7.5 डिग्री सेल्सियस, अगले तीन दिन तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं

Jharkhand Weather Update: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सर्दी ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 72 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पारे में आई इस अचानक गिरावट से राज्यभर में कनकनी और ठिठुरन काफी बढ़ गई है। खासकर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण लोग सिहरने को मजबूर हैं। शुक्रवार को राजधानी रांची में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया, लेकिन ठंड का असर पूरे दिन बना रहा।

Jharkhand Weather Update: रांची, जमशेदपुर और चाईबासा में तेजी से लुढ़का रात का पारा

मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते तीन दिनों में प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। मंगलवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को लुढ़ककर 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

कोल्हान प्रमंडल के प्रमुख शहर जमशेदपुर में भी न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री से गिरकर 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी प्रकार, चाईबासा में पारा 18.2 डिग्री से घटकर 12.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री से गिरकर 11.6 डिग्री और बोकारो में 17.2 डिग्री से घटकर 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Jharkhand Weather Update: लातेहार राज्य में सबसे ठंडा, जगन्नाथपुर में सबसे अधिक तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पूरे झारखंड में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार जिले में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे लातेहार राज्य का सबसे ठंडा स्थान बन गया है।

दूसरी ओर, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार के ताजा आंकड़ों के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 9.8 डिग्री रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 27.4 और न्यूनतम 15.1 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 27.1 और न्यूनतम 11.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 और न्यूनतम 12.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

अगले तीन दिन मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं, सुबह छाएगा हल्का कोहरा

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्यवासियों को फिलहाल इस कनकनी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।

आने वाले दिनों में राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्का कुहासा या कोहरा छाया रह सकता है। कोहरा छंटने के बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। चिकित्सकों ने बढ़ती ठंड को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Crime: बेटी की हत्या के आरोप में माता-पिता गिरफ्तार

Latest Posts