spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Nagar Kirtan: प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

Related Posts

Jamshedpur Nagar Kirtan: प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

​गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व पर सोनारी से साकची तक गूंजी गुरबाणी, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने टेका मत्था

​Jamshedpur Nagar Kirtan: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 558वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर पूरी तरह भक्तिमय हो उठी। शहर की सड़कों पर भव्य और विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नगर कीर्तन के दौरान ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों और गुरबाणी की मधुर धुन से पूरा वातावरण गूंज उठा। हजारों की संख्या में संगत ने इस पावन यात्रा में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

​Jamshedpur Nagar Kirtan: सोनारी से साकची तक की यात्रा, पालकी साहिब और गतका रहा आकर्षण

​सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के तत्वावधान में निकाले गए इस नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से हुई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की पावन रहनुमाई और पंज प्यारों की अगुवाई में सरबत के भले की अरदास के बाद यह शोभायात्रा रवाना हुई। यह विशाल जुलूस सर्किट हाउस, जुस्को गोलचक्कर, कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न होगा।

​नगर कीर्तन में फूलों से बेहद खूबसूरती से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज विराजमान थे। पालकी साहिब की विशेष सेवा सूरज ऑटोमोबाइल के विरदी परिवार की ओर से की गई। जुलूस में सबसे आगे चल रही गतका पार्टियों ने सिख मार्शल आर्ट के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, गुरुद्वारा कमेटियों द्वारा संचालित विभिन्न स्कूलों के बच्चे पूरे अनुशासन के साथ ड्रिल करते और गुरबाणी का गायन करते नजर आए। पालकी साहिब के ठीक पीछे 30 से अधिक स्त्री सत्संग सभाओं की महिलाएं मधुर शबद-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। रास्ते भर खालसा क्लब, रामगढ़िया सभा समेत विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सेवा स्टॉल भी लगाए गए।

​Jamshedpur Nagar Kirtan: सांसद, विधायक और उपायुक्त ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष टेका मत्था

​नगर कीर्तन की रवानगी से पहले सोनारी गुरुद्वारा साहिब में शहर के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने हाजिरी लगाई। इनमें सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महावीर मुर्मू और उदित अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल थे।

सभी अतिथियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और संगत को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी के बताए सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। साथ ही देश की आजादी, सुरक्षा और विकास में सिख समाज के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की।
​सीजीपीसी और सिख नौजवान सभा की टीम ने संभाली व्यवस्था की कमान

​नगर कीर्तन के सुचारू संचालन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी में सिख नौजवान सभा के अमरीक सिंह, इंदर सिंह, सिमरन सिंह भाटिया और उनकी पूरी टीम सक्रिय रही।
​इसके अलावा सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी प्रधान बलबीर सिंह गिल, सतबीर सिंह सोमू, दमनप्रीत सिंह, चंचल सिंह भाटिया, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविंद्र कौर, कमलजीत कौर गिल, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, अमरजीत सिंह, अजीत सिंह गंभीर, हरविंदर सिंह मंटू, सुखविंदर सिंह राजू, पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे, निशान सिंह, अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, बलजीत सिंह और तारा सिंह समेत समाज के कई प्रतिनिधि पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

Read also: Jamshedpur Kartik Purnima: दोमुहानी घाट पर उमड़ी भीड़

 

Latest Posts