धनबाद में नई प्रक्रिया लागू करने की तैयारी, एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
Dhanbad Police: धनबाद में अब काउंटर केस दर्ज कराने के लिए पहुंचने वाली शिकायतों पर पुलिस सीधे प्राथमिकी दर्ज नहीं करेगी। पहले शिकायत और उससे जुड़े तथ्यों की प्रारंभिक जांच की जाएगी। इसके लिए पुलिस को अधिकतम 14 दिनों का समय दिया जाएगा। जांच में आरोपों की पुष्टि होने और ठोस आधार मिलने के बाद ही कानून के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य आपसी विवाद में झूठे आरोप लगाकर काउंटर केस दर्ज कराने की कोशिशों पर रोक लगाना और वास्तविक शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करना है।
Dhanbad Police: मारपीट और आपसी रंजिश के मामलों पर विशेष नजर
धनबाद में मारपीट, जमीन विवाद और आपसी रंजिश से जुड़े मामलों में काउंटर केस की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं। कई मामलों में पहले एक पक्ष थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराता है। इसके बाद दूसरा पक्ष भी उसी घटना को लेकर पुलिस से शिकायत करता है।
ऐसी स्थिति में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं। कई बार दूसरे पक्ष की ओर से दी गई शिकायत का मकसद कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पहले पक्ष पर समझौते का दबाव बनाना भी होता है। इससे मामले की वास्तविकता सामने लाने में पुलिस को परेशानी होती है। साथ ही वास्तविक पीड़ित को भी न्याय मिलने में देरी हो सकती है।
Dhanbad Police: हर साल 250 से 300 काउंटर केस की शिकायतें
धनबाद पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जिले में हर साल लगभग 250 से 300 ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनमें काउंटर केस की स्थिति बनती है। इन शिकायतों की जांच और कानूनी प्रक्रिया में पुलिस का काफी समय खर्च होता है।
कई बार एक ही घटना से जुड़े दोनों पक्षों की शिकायतों की अलग-अलग जांच करनी पड़ती है। इससे पुलिस के संसाधनों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। नई प्रक्रिया लागू होने से संदिग्ध और आधारहीन शिकायतों की शुरुआती स्तर पर पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस का प्रयास है कि अनावश्यक मुकदमों में समय लगाने के बजाय गंभीर आपराधिक मामलों के अनुसंधान पर अधिक ध्यान दिया जाए।
गलत शिकायतों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी
एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति को दबाव में लेने या आपसी विवाद में बढ़त हासिल करने के लिए झूठा काउंटर केस दर्ज कराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से लेगी। पहले उसके पीछे की परिस्थितियों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल होगी। इसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के मुताबिक, इस व्यवस्था का मकसद निर्दोष लोगों को बेवजह मुकदमों में फंसने से बचाना है। साथ ही पुलिस व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों पर भी रोक लगाना है।
हालांकि, इस प्रक्रिया का अर्थ यह नहीं है कि संज्ञेय अपराध की जानकारी मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करने से बचा जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जहां शिकायत से संज्ञेय अपराध का खुलासा होता है, वहां नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करना जरूरी है।
नई व्यवस्था के तहत धनबाद पुलिस का जोर शिकायतों की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने पर रहेगा। इससे काउंटर केस के नाम पर होने वाली अनावश्यक कानूनी उलझनों को कम करने की कोशिश की जाएगी।
Read also: Jamshedpur Jail Raid: घाघीडीह जेल में देर रात छापेमारी, गुटखा-सिगरेट बरामद


