spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Ebola Alert: संभावित खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, अस्पतालों को...

Related Posts

Jharkhand Ebola Alert: संभावित खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, अस्पतालों को तैयार रहने का निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की समीक्षा बैठक, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेगी निगरानी

Jharkhand Ebola Alert: इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को रांची में विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने संभावित स्थिति से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। मंत्री ने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप हर स्तर पर तैयार रहने का निर्देश दिया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि झारखंड में अभी तक इबोला का कोई भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है।

Jharkhand Ebola Alert: एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर होगी सख्त निगरानी

समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रवेश द्वारों पर कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

बाहर से आने वाले यात्रियों की आवश्यक स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में पीपीई किट, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधन हर वक्त उपलब्ध रखने को कहा गया है। संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल विभाग को रिपोर्ट करने, सुरक्षित तरीके से सैंपल संग्रह करने और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत इलाज शुरू करने का आदेश दिया गया है।

Jharkhand Ebola Alert: रिम्स में हो चुकी है मॉक ड्रिल, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग पहले से ही एहतियाती कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी रांची स्थित रिम्स में बीते 12 नवंबर 2026 को इबोला से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था।

मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि राज्य की जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए इस मामले में किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अफवाहों से बचने और सरकारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील

समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा कि इबोला को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और न ही घबराएं।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे केवल स्वास्थ्य विभाग और सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी अस्पताल से संपर्क करें, ताकि समय पर जांच और उचित उपचार किया जा सके।

Read also: Tata Steel Hydrogen: कलिंगानगर में औद्योगिक गैसों से बनेगा हाइड्रोजन, प्रतिदिन 10 टन क्षमता

 

Latest Posts