आठ घंटे चली तलाशी में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व संदिग्ध कागजात जब्त, डिजिटल साक्ष्यों की होगी फॉरेंसिक जांच
Ranchi CBI Raid: झारखंड की राजधानी रांची में चर्चित आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आत्महत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपना शिकंजा कस दिया है। इस हाई-प्रोफाइल केस में ठोस सबूत जुटाने के लिए सीबीआई की टीम ने सोमवार को आरोपित ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। करीब आठ घंटे तक चली इस सघन तलाशी के दौरान जांच एजेंसी के हाथ कई संदिग्ध दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगे हैं। टीम ने इन सभी सामानों को विधिवत रूप से जब्त कर लिया है।
Ranchi CBI Raid: देर रात तक चली घेराबंदी, फॉरेंसिक जांच से खुलेंगे राज
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने पूरी गोपनीयता के साथ दोनों आरोपितों के ठिकानों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान घर के हर कोने की बारीकी से जांच की गई।
अधिकारियों ने वहां से बरामद संदिग्ध कागजात और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को अपने कब्जे में ले लिया है। जांच एजेंसी अब इन जब्त उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच से इस आत्महत्या कांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
Ranchi CBI Raid: ज्योत्सना केरकेट्टा से लंबी पूछताछ, निशा से रिश्तों पर दागे सवाल
तलाशी अभियान के दौरान सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्योत्सना केरकेट्टा से लंबी पूछताछ भी की। जांच टीम ने मृतका निशा भगत के साथ उनके संबंधों को लेकर कई तीखे सवाल पूछे। मुख्य रूप से यह जानने की कोशिश की गई कि ज्योत्सना और निशा की पहली मुलाकात कब और किन परिस्थितियों में हुई थी।
इसके अलावा, दोनों के बीच दोस्ती कब से थी और हाल के दिनों में उनके बीच क्या बातचीत हुई थी, इस पर भी सवाल किए गए। अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान मिले सभी जवाबों को रिकॉर्ड कर लिया है। अब एजेंसी जब्त दस्तावेजों और उनके बयानों का मिलान कर रही है।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, आयोगों की भी मामले पर पैनी नजर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने 10 नवंबर को सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 14 नवंबर को केंद्रीय एजेंसी ने पिठोरिया थाने में दर्ज कांड संख्या 0114/2026 को अपने हाथ में ले लिया। सीबीआई की दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-वन ने आरसी 04820226एस 0007 के तहत नया मामला दर्ज किया है। इसमें अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अज्ञात लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) लगाई गई है।
बता दें कि बीते छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। इससे पहले वे फेसबुक लाइव आई थीं और रोते हुए जमीन कारोबारियों की प्रताड़ना व पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। वीडियो में उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था। आरोप है कि जान देने से पहले निशा ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति बताई थी, लेकिन उन्होंने थाने आने को कहकर फोन काट दिया था। इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने संज्ञान लिया है, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अधिकारियों को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच व फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड जैसे डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
Read also: Jamtara Police Action: मिहिजाम लूटपाट कांड का खुलासा, जमशेदपुर से चार से अधिक आरोपी गिरफ्तार


