13 नवंबर की सुबह से 16 नवंबर तक लागू रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर रहेगा खास जोर
Chhath Security लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा की विशेष तैयारी की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य के 14 संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसमें रैपिड एक्शन पुलिस, महिला लाठी बल और अश्रु गैस दस्ते भी शामिल होंगे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा के निर्देश पर आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
Chhath Security: 14 जिलों में अतिरिक्त बल की प्रतिनियुक्ति
पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला, बोकारो, पलामू, गढ़वा, लातेहार, रामगढ़, देवघर, धनबाद और साहिबगंज में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इन जिलों में छठ घाटों और आसपास के संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिलों के पुलिस अधीक्षकों की ओर से अतिरिक्त बल की जो मांग भेजी गई थी, उसे पुलिस मुख्यालय ने मंजूरी दे दी है।
Chhath Security के लिए तीन दिनों तक विशेष व्यवस्था
जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति 13 नवंबर की सुबह से शुरू होगी और 16 नवंबर की सुबह तक जारी रहेगी। पर्व की समाप्ति के बाद 16 नवंबर की दोपहर में अतिरिक्त बलों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, रांची और जमशेदपुर में पहले से तैनात बलों को इस वापसी आदेश से अलग रखा गया है। अन्य जिलों में भेजे गए जवानों को उनकी मूल वाहिनी या इकाई में लौटना होगा।
छठ घाटों पर भीड़ प्रबंधन और यातायात पर नजर
छठ के दौरान विभिन्न जलाशयों, तालाबों और नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष तैयारी की है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की गश्ती भी तेज की जाएगी। इसके साथ ही घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित जिलों को सतर्क रहने को कहा गया है।
आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि छठ एक पवित्र और व्यापक स्तर पर मनाया जाने वाला पर्व है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी जिलों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली गई है। जहां जितने अतिरिक्त जवानों की जरूरत बताई गई, वहां उसी के अनुरूप बल उपलब्ध कराया गया है।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता
छठ घाटों पर बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पहुंचती हैं। ऐसे में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। घाटों और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। छेड़खानी, छिनतई और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
शरारती तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
आईजी नरेंद्र सिंह ने कहा कि छठ के दौरान आमतौर पर आपराधिक घटनाएं कम देखने को मिलती हैं, लेकिन पुलिस किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी। सुरक्षा बल लगातार गश्त करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क रहकर पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।
Read also: Hazaribagh Youth: दुबई में लापता हुआ युवक, परिजनों ने लगाई गुहार


