सत्र 2024-26 के पंजीकृत प्रशिक्षु 20 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क करें आवेदन, चालान से 25 नवंबर तक जमा होगी फीस
JAC Teacher Training: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण (डीएलएड) राजकीय, अराजकीय एवं अल्पसंख्यक नियमित परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की आधिकारिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। परीक्षा सत्र 2024-26 के अंतर्गत विधिवत पंजीकृत प्रशिक्षुओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने का पोर्टल खोल दिया गया है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से मान्यता प्राप्त तथा जैक से विधिवत संबद्धता प्राप्त सभी प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के पात्र प्रशिक्षु इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
JAC Teacher Training: 30 अगस्त तक सत्र पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को ही अवसर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा प्रक्रिया केवल उन्हीं प्रशिक्षण संस्थानों और अभ्यर्थियों पर लागू होगी, जिनका द्विवर्षीय प्रशिक्षण सत्र 30 अगस्त 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा हो रहा है। जैक द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार बिना किसी विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन करने और बैंक चालान जनरेट करने की तिथि 5 नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन चालान जनरेट करने के बाद अभ्यर्थी निर्धारित परीक्षा शुल्क 25 नवंबर 2026 तक बैंक की किसी भी अधिकृत शाखा में जमा कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय में तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण और चालान जनरेशन का कार्य पूरा कर लें।
JAC Teacher Training: विलंब शुल्क के साथ 28 नवंबर तक आवेदन
जो अभ्यर्थी किसी कारणवश सामान्य अवधि में आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें जैक ने विलंब शुल्क (लेट फाइन) के साथ एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है। विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करने और चालान निकालने की विंडो 21 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी। ऐसे विलंबित आवेदनों का परीक्षा शुल्क बैंक में जमा कराने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 तय की गई है।
जैक प्रबंधन ने साफ किया है कि निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी परिस्थिति में न तो ऑनलाइन पोर्टल खोला जाएगा और न ही किसी प्रशिक्षु का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किया जाएगा। तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
संलिस्ट, पोर्टल पर दिशा-निर्देश जारी
ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की समस्त प्रक्रिया संपन्न होने के बाद संबंधित प्रशिक्षण महाविद्यालयों और डायट संस्थानों की जिम्मेदारी तय की गई है। सभी संस्थानों के प्राचार्यों को अधिकृत पोर्टल से डाउनलोड की गई कंसोलिडेटेड लिस्ट (समेकित सूची) और बैंक चालान की मूल प्रति 9 दिसंबर 2026 तक व्यक्तिगत रूप से जैक के नामकुम स्थित केंद्रीय कार्यालय में जमा करानी होगी।
परिषद ने सभी संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे प्रशिक्षुओं के विवरण की भली-भांति जांच कर लें ताकि प्रवेश पत्र जारी होने पर किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। परीक्षा शुल्क, विषयवार पाठ्यक्रम और आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
read also:Godda Minor Murder: गोड्डा में बच्ची का सिर काटकर निर्मम हत्या, बहियार में मिला धड़


