spot_img
spot_img
HomecrimeGodda Minor Murder: गोड्डा में बच्ची का सिर काटकर निर्मम हत्या, बहियार...

Related Posts

Godda Minor Murder: गोड्डा में बच्ची का सिर काटकर निर्मम हत्या, बहियार में मिला धड़

डहुआ गांव में रात में सोते समय मासूम को अगवा कर दिया वारदात को अंजाम, सिर गायब, इलाके में भारी आक्रोश

Godda Minor Murder: झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 12 वर्षीय एक मासूम बच्ची की धारदार हथियार से सिर काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान डहुआ गांव निवासी तलवा मरांडी की पुत्री नीतू मरांडी के रूप में हुई है। बच्ची का सिर कटा शव गुरुवार सुबह गांव के बाहर बहियार (खेत) में मिलने से पूरे कोयलांचल और ग्रामीण इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने इतनी बर्बरता बरती कि मासूम का सिर धड़ से अलग कर दिया और सिर को गायब कर दिया। इस दरिंदगी से पूरे गांव में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

Godda Minor Murder: माता-पिता संग सो रही थी बच्ची, आधी रात किया अगवा

परिजनों और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 12 वर्षीया नीतू मरांडी बुधवार रात अपने माता-पिता के साथ घर के कमरे में सोई हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने दबे पांव घर में प्रवेश किया और सोती हुई बच्ची को अगवा कर लिया। इसके बाद हत्यारे उसे घर के ठीक पीछे सुनसान जगह पर ले गए।

वहां किसी भारी और तेज धारदार हथियार से बच्ची की गर्दन पर प्रहार कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने बच्ची के धड़ को गांव के बाहर सुनसान बहियार में फेंक दिया और सिर लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजन जागे तो बच्ची को बिस्तर पर न पाकर खोजबीन शुरू की। इसी बीच बहियार में खून से लथपथ बिना सिर वाला शव मिलने की खबर से कोहराम मच गया।

Godda Minor Murder: घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम जुटी

मासूम बच्ची की इस जघन्य हत्या की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए महागामा/ललमटिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

गायब सिर की तलाश के लिए खेतों, झाड़ियों और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और श्वान दस्ते (डॉग स्क्वॉड) की मदद ले रही है। एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि पुलिस हर संभावित कोण से तफ्तीश कर रही है। इसमें आपसी रंजिश, तंत्र-मंत्र या अन्य किसी दुर्भावना की आशंका की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।

गांव में पसरा मातमी सन्नाटा, हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

इस लोमहर्षक कांड के बाद डहुआ गांव और आसपास के आदिवासी बहुल इलाके में चूल्हा तक नहीं जला। हर आंख नम है और ग्रामीणों में इस वहशीपन को लेकर गहरा रोष देखा जा रहा है। बदहवास माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी नन्हीं सी बच्ची से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती थी।

घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मासूम के कातिलों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए और उन्हें फांसी जैसी कठोरतम सजा दिलाई जाए। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और भरोसा दिलाया कि हत्यारे चाहे जो भी हों, वे कानून के शिकंजे से बच नहीं सकेंगे।

Read also: Palamu News: पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

 

Latest Posts