spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलSeraikela Police Inspection: गम्हरिया कांड के बाद आधी रात थानों में पहुंचे...

Related Posts

Seraikela Police Inspection: गम्हरिया कांड के बाद आधी रात थानों में पहुंचे एसपी

आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाने का किया औचक मुआयना, महिला सुरक्षा पर ओडी अफसरों को दी सख्त हिदायत

Seraikela Police Inspection: सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को चाक-चौबंद और संवेदनशील बनाने के लिए जिला पुलिस कप्तान ने कड़ा रुख अपनाया है। गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ आरक्षी द्वारा कथित दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी पूरी तरह एक्शन मोड में हैं। इस शर्मनाक मामले के बाद महकमे की छवि सुधारने और थानों की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने के लिए एसपी ने बुधवार देर रात गम्हरिया, आदित्यपुर और आरआईटी थाने का औचक निरीक्षण किया। अचानक आधी रात को एसपी के थानों में पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

Seraikela Police Inspection में खंगाले गए थाने के अभिलेख, रात्रि गश्ती दलों की ली गई क्लास

देर रात किए गए इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने तीनों थानों के संधारित अभिलेखों, स्टेशन डायरी, मालखाना और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की कार्यशैली का प्रत्यक्ष जायजा लिया। एसपी ने थानों में लंबित कांडों और गश्ती दलों की मौजूदा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इलाके में रात्रि गश्ती केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि पेट्रोलिंग वाहन लगातार संवेदनशील इलाकों में सक्रिय रहें। गश्ती दल हर संदिग्ध व्यक्ति और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे। एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि पुलिसकर्मी अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सजग रहें। आम जनता की जान-माल की रक्षा और सुरक्षा को ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Seraikela Police Inspection से महिला सुरक्षा पर कड़े निर्देश, ओडी अफसरों को त्वरित कार्रवाई की ताकीद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा और थानों में आने वाली पीड़ित महिलाओं की सुनवाई को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने ऑन ड्यूटी (ओडी) पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि महिलाओं से संबंधित किसी भी शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुना जाए। ऐसी शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।

एसपी ने निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाली हर पीड़िता को सम्मानजनक माहौल मिले और बिना किसी विलंब के कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति किसी भी पुलिस पदाधिकारी की उदासीनता अक्षम्य मानी जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई तय है।

गम्हरिया थाने की घटना से उठे थे सवाल, महकमे में जवाबदेही तय करने की बड़ी कवायद

गौरतलब है कि हाल ही में गम्हरिया थाना परिसर के भीतर एक महिला के साथ सिपाही द्वारा कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस घटना के बाद जिले में पुलिसिंग और खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जहां आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई, वहीं लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज भी गिरी थी।

उसी घटना की पृष्ठभूमि में एसपी द्वारा देर रात थानों का औचक निरीक्षण करना पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार और निचले स्तर तक जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस निरीक्षण अभियान के दौरान सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिनव भारद्वाज के साथ-साथ संबंधित थानों के थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर (एसआई), असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और अन्य पुलिस बल मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें : Bermo Coal Accident: कथारा कोलियरी में कोयले का ढेर धंसा, 3 की मौत

Latest Posts