- 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज हत्याकांड, आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह
Jharkhand: हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक का अपना जीजा विक्रम कुमार मुख्य आरोपी निकला है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों विक्रम कुमार और दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
करसो पुल के पास हुई थी गोली मारकर हत्या
जानकारी के अनुसार सोमवार रात हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के समीप स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब वह अपने मित्र अभिषेक कुमार के साथ कोडरमा रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी कार का टायर पंचर हो गया था। दोनों सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने विक्की सोनी पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
Jharkhand Crime News: पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे कोई पेशेवर सुपारी किलिंग नहीं, बल्कि आपसी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद प्रमुख कारण था।
जीजा निकला हत्या का मास्टरमाइंड
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुमार ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। विक्रम कुमार मृतक विक्की सोनी का जीजा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
Jharkhand Crime News: दूसरे आरोपी की भी हुई गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार किया है। दिलीप कुमार को मृतक का मित्र बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने में उसकी भी भूमिका रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कई अन्य अपराधों में भी शामिल होने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हजारीबाग और आसपास के जिलों में हुई कई लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस अब अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
Jharkhand Crime News: पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। हत्या में प्रयुक्त हथियार, साजिश की पूरी रूपरेखा और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Also Read: Jamshedpur Crime News: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार



