Tata Steel: के जमशेदपुर स्थित प्लांट परिसर में सुरक्षा टीम की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की कोशिश नाकाम कर दी गई। घटना 24 अप्रैल 2026 की तड़के करीब एक बजे की है, जब संदिग्ध गतिविधि पर नजर पड़ते ही सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी साकची क्षेत्र स्थित केबल गैलरी के रास्ते प्लांट परिसर में अवैध रूप से घुस गए थे और तांबे के केबल को काटकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही सुरक्षा टीम की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से करीब 75 किलो तांबे का केबल बरामद किया गया। यदि चोरी सफल हो जाती तो कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता था। सुरक्षा टीम की मुस्तैदी से इस नुकसान को समय रहते टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास चिन्ना (ओल्ड सीतारामडेरा थाना क्षेत्र), दीपक लोहार (बिरसानगर रोड नंबर-7) और अविनाश मुखी (केबल टाउन बस्ती रोड नंबर-5) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि तीनों पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हो सकते हैं।
घटना के बाद टाटा स्टील के सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
Also Read: Dhanbad Subsidence: टण्डाबाड़ी बस्ती में भू-धसान से 10 घर जमींदोज, 4 घायल; लोगों में आक्रोश



