spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलJamshedpur Mass Marriage Ceremony : जमशेदपुर में 'तारा' का चतुर्थ सामूहिक विवाह...

Related Posts

Jamshedpur Mass Marriage Ceremony : जमशेदपुर में ‘तारा’ का चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह, शहनाइयों की गूंज के बीच आठ बेटियों के हाथ हुए पीले

Jamshedpur Mass Marriage Ceremony : समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को संबल प्रदान करने और बेटियों के सम्मान को अक्षुण्ण रखने के संकल्प के साथ ‘ट्रस्ट फॉर अवेयरनेस एंड रिक्रिएशन इन रूरल एरिया’ (तारा) की ओर से चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह (Mass Marriage Ceremony) शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बिष्टुपुर (Bistupur) स्थित श्री भूतनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में आठ जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। उत्सव का शुभारंभ सोनारी स्थित शिवलाल अखाड़ा से हुआ, जहां आठों दूल्हे सुसज्जित कारों में सवार होकर गाजे-बाजे और बारातियों (Wedding Processions) के साथ निकले। जब बारात भूतनाथ मंदिर पहुँची, तो संस्था के सदस्यों और विशिष्ट अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर दूल्हों का स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में आयोजित वरमाला कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

हरिद्वार से आए पुरोहितों ने विवाह संपन्न कराया

विवाह की धार्मिक रस्में शांति निकेतन (अखिल विश्व गायत्री परिवार), हरिद्वार से आए प्रशिक्षित पुरोहितों के सानिध्य में संपन्न हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच आठों जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार () कराया गया, जहां पुरोहितों ने नव-दंपतियों को आदर्श गृहस्थ जीवन के कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों की शपथ दिलाई। इस पुनीत कार्य में शहर के कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, समाजसेवी मंटू सिंह, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शम्भू नाथ सिंह और सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया ने नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

गणमान्यों ने आठों जोड़ों को दिया आशीर्वाद

समारोह में भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, मनोज सिंह, अनिल मोदी, जमशेदपुर पुलिस उपाध्यक्ष (DSP) मनोज सिंह, हिंदू पीठ के संरक्षक अरुण सिंह, जम्बू अखाड़ा के अध्यक्ष बंटी सिंह और कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य सोनू ठाकुर भी उपस्थित रहे। साथ ही ट्रस्ट्री रवि ठाकुर, शीतल दास, संजय दुबे, ममता साहू, गब्बर ठाकुर, सुजीत वर्मा, सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार और अखिल सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। अतिथियों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

भेंट किया गया आभूषण व गृहस्थी का सामान

‘तारा’ संस्था ने अपनी बेटियों की विदाई में कोई कमी नहीं छोड़ी और प्रत्येक वधु को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक साजो-सामान भेंट किए। उपहार स्वरूप बॉक्स पलंग, गद्दा, अलमीरा, पूर्ण बर्तन सेट, श्रृंगार बॉक्स के साथ-साथ चांदी की चेन, पायल और बिछिया जैसे आभूषण भी प्रदान किए गए। विवाह संपन्न होने के बाद सभी बेटियों को सगुन स्वरूप 2100-2100 रुपये नकद और मिठाई की टोकरी देकर विदा किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रीतिभोज में वर-वधु पक्ष के लगभग 800 लोगों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। संस्थापक ट्रस्टी बिनोद राणा ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि तारा ट्रस्ट का लक्ष्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक विदाई देना है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग देने वाले शहरवासियों और भूतनाथ मंदिर प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें : Palamu Road Accident : पलामू में भीषण सड़क हादसा, सांसद प्रतिनिधि के इंजीनियर पुत्र की मौत

Latest Posts