- सेंदरा पर्व को लेकर अहम बैठक
Jharkhand: परसुडीह के गदड़ा क्षेत्र में सोमवार को सेंदरा पर्व को लेकर वन विभाग और सेंदरा वीरों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दलमा क्षेत्र से जुड़े दलमा राजा राकेश हेंब्रम के आवास पर हुई, जहां वन अधिकारियों और दलमा बुरू सेंदरा समिति के सदस्यों ने विस्तृत चर्चा की।
वन्यजीव संरक्षण पर जोर
बैठक में वन विभाग के रेंजर दिनेश चंद्र ने कहा कि सेंदरा आदिवासी परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है, लेकिन इस दौरान वन्यजीवों का शिकार करना पूरी तरह कानूनन अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परंपरा का पालन करें, लेकिन किसी भी स्थिति में जंगल के जीवों को नुकसान न पहुंचाएं।
हथियारों पर रहेगा प्रतिबंध
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगल में प्रवेश के दौरान आधुनिक हथियार, जाल और बंदूक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा सेंदरा पर्व के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
दलमा राजा की अपील
दलमा राजा राकेश हेंब्रम ने वन विभाग से अनुरोध किया कि पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग इस परंपरा में भाग लेने के लिए आते हैं, इसलिए चेकनाका पर उन्हें रोका न जाए और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
समन्वय से होगा आयोजन
बैठक में दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि सेंदरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित किया जाएगा। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि परंपराओं का सम्मान किया जाएगा, लेकिन वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
27 अप्रैल को होगा सेंदरा पर्व
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष सेंदरा पर्व 27 अप्रैल को दलमा क्षेत्र में मनाया जाएगा। इससे पहले 25 अप्रैल को गदड़ा से दलमा राजा रवाना होंगे और फदलोगोड़ा में वन देवी-देवताओं की पूजा के बाद सेंदरा की शुरुआत होगी।
Also Read: Jharkhand Heatwave Alert: डाल्टनगंज में पारा 44°C के करीब, 22 अप्रैल तक लू का येलो अलर्ट



