- दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी
Ranchi: राजधानी रांची में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मार दी। घटना पंडरा ओपी क्षेत्र के ओटीसी मैदान के पास की है।
मंदिर जाते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, भार्गव सिंह सुबह मंदिर में पूजा करने जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। गोली उनके दाएं सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल को पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि भार्गव सिंह हर मंगलवार को बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आते थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले उनकी रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से हमला किया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना की जानकारी मिलने पर संजय सेठ भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।



