Ramgarh CCL Employee Murder: देर रात घर में घुसकर दो अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
Ramgarh CCL Employee Murder: रामगढ़। रामगढ़ जिले के गिद्दी कोयला क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात को अंजाम देते हुए सीसीएल (CCL) कर्मी मंगलेश कुमार उर्फ हैप्पी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। दो की संख्या में आए बेखौफ अपराधियों ने घर के भीतर घुसकर इस कत्ल को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
Ramgarh CCL Employee Murder: पत्नी गिड़गिड़ाती रही, अपराधियों ने नहीं बख्शी जान
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, देर रात मंगलेश कुमार अपनी पत्नी के साथ घर के भीतर बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान अचानक दो अज्ञात अपराधी उनके मकान में दाखिल हो गए और सीधे मंगलेश कुमार पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए इस खूनी हमले से घर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अपने पति पर हो रहे घातक हमले को देखकर उनकी पत्नी ने अपराधियों के आगे काफी हाथ-पैर जोड़े और मिन्नतें कीं। पत्नी ने गिड़गिड़ाते हुए अपराधियों से कहा कि घर में जो भी कीमती सामान या नकदी है, वे सब ले जाएं लेकिन उनके पति को छोड़ दें। हालांकि, सिर पर खून सवार अपराधियों पर उनकी किसी गुहार का कोई असर नहीं पड़ा और वे लगातार मंगलेश कुमार पर चाकू से वार करते रहे, जिससे उनकी मौत हो गई।
पत्नी को रस्सी से बांधकर फरार हुए अपराधी, पुलिस जांच में जुटी
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने और पुलिस तक खबर देर से पहुंचने की नियत से मंगलेश कुमार की पत्नी को रस्सी से कसकर बांध दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह होने पर जब आसपास के पड़ोसियों को इस खौफनाक घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत गिद्दी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जांच शुरू कर दी। इस निर्मम हत्या के पीछे की असल वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की शिनाख्त को लेकर फिलहाल तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में खौफ और लोगों के बीच भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस मामले के हर संभावित पहलू से गहन जांच कर रही है।


