तिलक समारोह से लौटने के दौरान लापता हुई थी महिला
Palamu: झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ महिला का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना चियांकी चावल मिल के पीछे की बताई जा रही है, जहां शुक्रवार को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
कुएं से शव निकालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक समाल अहमद मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत के बाद महिला के शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया।
महिला की पहचान और घटना की पूरी जानकारी
मृतका की पहचान शांति देवी (51 वर्ष), पति अशोक भुइयां, निवासी सलैया टोला (वार्ड संख्या 8), चियांकी पंचायत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात गांव में एक गोतिया परिवार के यहां तिलक समारोह का आयोजन था, जिसमें शांति देवी भी शामिल होने गई थीं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे तक वह समारोह में मौजूद थीं, लेकिन उसके बाद अचानक लापता हो गईं। खोजबीन के दौरान कुएं के पास उनकी चप्पल दिखाई दी, जिसके बाद लोगों ने अंदर झांककर देखा तो शव कुएं में पड़ा मिला।
हादसे की आशंका, हत्या से इनकार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के कुएं में गिरने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने फिलहाल किसी भी तरह की हत्या की आशंका से इनकार किया है। सदर थाना प्रभारी लाल जी के अनुसार, तिलक समारोह के बाद शांति देवी अपने पति के साथ घर लौट रही थीं। इस दौरान वह नशे की हालत में थीं और बातचीत करते हुए अचानक रास्ते में स्थित कुएं में गिर गईं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले शांति देवी के ससुर कवलधारी भुइयां की भी इसी कुएं में गिरने से मौत हो चुकी है। इससे स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
Also Read : Palamu Road Accident : पलामू सड़क हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना को मारी टक्कर, तीन किशोरों की मौत



