- जमीन विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
Palamu: जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा गांव में मंगलवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। अपराधियों ने 60 वर्षीय राजमुनि पाठक को घर से बाहर बुलाकर सिर में गोली मार दी। बुधवार सुबह उनका शव घर से कुछ दूरी पर खेत में खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ।
घर से बुलाकर ले गए, फिर मारी गोली
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचे और राजमुनि पाठक को बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि वे आधे कपड़ों में ही उनके साथ चले गए। कुछ ही दूरी पर ले जाकर अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सुबह खेत में मिला शव, पत्नी ने दी सूचना
घटना के समय घर में केवल उनकी पत्नी मौजूद थीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि परिचित लोग बातचीत के लिए ले गए हैं और वे लौट आएंगे। लेकिन जब सुबह तक वे नहीं लौटे, तो तलाश के दौरान उनका शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच जारी, जमीन विवाद का एंगल
पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने जमीन विवाद की बात कही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।



