- जन समाधान दिवस के दौरान दिखी संवेदनशीलता, डीसी ने खुद नीचे आकर सुनी समस्या
Palamu: के समाहरणालय में आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान बुधवार को एक ऐसा मानवीय दृश्य देखने को मिला, जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर दी। कार्यक्रम के बीच उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को सूचना मिली कि मेदिनीनगर की रहने वाली एक दिव्यांग महिला उनसे मिलने आ रही हैं, लेकिन दोनों पैरों से असमर्थ होने के कारण वह समाहरणालय की सीढ़ियां चढ़ पाने में असमर्थ हैं।
कार्यक्रम छोड़ खुद पहुंचे सीढ़ियों तक
यह जानकारी मिलते ही उपायुक्त ने बिना देर किए जन समाधान दिवस के कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया और स्वयं सीढ़ियों तक पहुंचकर महिला से मुलाकात की। सीढ़ियों पर बैठकर उन्होंने पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ महिला की समस्या सुनी।
तुरंत दिए समाधान के निर्देश
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और महिला को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें दोबारा कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जन समाधान दिवस बना राहत का माध्यम
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त ने हर बुधवार को जन समाधान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसके माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है। यह इस पहल का पहला आयोजन था, जिसमें कई अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।
संवेदनशीलता की मिसाल बना यह दृश्य
समाहरणालय की सीढ़ियों पर बैठकर एक दिव्यांग महिला की समस्या सुनना प्रशासन की मानवीय सोच और जनता के प्रति जवाबदेही को दर्शाता है। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए प्रेरणादायक बन गया।
Also Read: DLSA Khunti news: खूंटी में विद्यार्थियों को अधिकारों और विधिक योजनाओं की दी गई जानकारी



