- बारात से लौट रही पिकअप वैन 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आई, लोहरदगा में दर्दनाक हादसा
Lohardaga: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की चांपी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे (Accident) में डीजे लदे पिकअप वाहन में करंट दौड़ जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और मातम का माहौल बन गया। घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारात से लौट रहा था डीजे वाहन
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम कुडू थाना क्षेत्र के बड़की चांपी बड़का टोली से एक बारात लातेहार गई थी। बुधवार सुबह बारातियों का काफिला वापस गांव लौट रहा था। इसी काफिले में डीजे लदा एक पिकअप वाहन भी शामिल था। बताया जा रहा है कि वाहन बड़की चांपी पुलिस पिकेट के पास से गुजरते हुए बड़का टोली की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन घुमावदार मोड़ के समीप पहुंचा, सड़क किनारे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया।
Jharkhand News: वाहन में दौड़ गया करंट, मच गई चीख-पुकार
पिकअप वाहन के बिजली तार की चपेट में आते ही पूरे वाहन में तेज करंट दौड़ गया। वाहन पर सवार युवक अचानक करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में सुमित उरांव, सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य युवक को मामूली करंट लगा। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान युवक की मौत
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने सुमित उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव का इलाज जारी है। एक अन्य युवक को हल्की चोट आने पर निजी क्लीनिक में उपचार कराया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।
Jharkhand News: पुलिस कर रही मामले की जांच
कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि डीजे लदे पिकअप वाहन के बिजली तार के संपर्क में आने से हादसा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से सड़क किनारे झूल रहे हाईटेंशन तारों को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



