- वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता
Jharkhand: लोहरदगा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उस समय पकड़ा, जब वे चंदवा-लोहरदगा रोड के रास्ते ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा थार वाहन से लगभग 10 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष छापेमारी टीम
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रदीप मेहता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी लोहरदगा भी मौजूद रहे। पुलिस टीम द्वारा कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की महिंद्रा थार वाहन को रोककर जांच की गई।
Jharkhand news: थार वाहन से बरामद हुई ब्राउन शुगर
जांच के दौरान वाहन संख्या जेएच 01 ईएफ 0040 में दो युवक सवार मिले। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान साजन नायक (26 वर्ष) निवासी अंबेडकर नगर, लोहरदगा के रूप में बताई। वहीं दूसरे युवक ने अपना नाम राजन कुमार महतो (23 वर्ष) निवासी ग्राम ईंटा, लोहरदगा बताया। अंचलाधिकारी की मौजूदगी में वाहन और दोनों युवकों की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान चालक सीट के नीचे बिछे काले मैट के नीचे सफेद कागज में लिपटा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर है।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से जांच में सामने आया पूरा मामला
बरामद पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन किया गया, जिसमें इसकी मात्रा लगभग 10 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से महिंद्रा थार वाहन, ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लोहरदगा थाना में कांड संख्या 80/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Jharkhand news: नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोहरदगा पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



