Latehar News: बालूमाथ थाना क्षेत्र में देर रात शिफ्टिंग कार्य के दौरान हुआ हादसा, मुआवजे की मांग
Latehar News: लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले अंतर्गत बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित कुसमाही रेलवे साइडिंग में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कोयले की शिफ्टिंग कार्य के दौरान अचानक एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में वाहन चालक जयमंगल गंझू की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों द्वारा मुआवजे और न्याय की पुरजोर मांग की जा रही है।
Latehar News: निंद्रा पोस्ट के काली गांव का रहने वाला था मृतक चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक चालक जयमंगल गंझू चंदवा थाना क्षेत्र के निंद्रा पोस्ट अंतर्गत काली गांव निवासी सरहुला गंझू का पुत्र था। जयमंगल कुसमाही रेलवे साइडिंग में हाइवा चलाकर कोयला शिफ्टिंग का काम करता था। शनिवार की देर रात रोजाना की भांति वह अपने काम में जुटा हुआ था, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने से हाइवा दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। गाड़ी के नीचे दब जाने से जयमंगल की जान चली गई।
DVC के लिए कोयला लोडिंग का होता है काम, परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग
उल्लेखनीय है कि कुसमाही रेलवे साइडिंग लातेहार जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस साइडिंग से रोजाना बड़े पैमाने पर कोयले की लोडिंग की जाती है और यहां से दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) के लिए भी कोयले की आपूर्ति भेजी जाती है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रबंधन मामले की जांच में जुट गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।


