- कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
Ranchi: झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। इसी बीच मौसम विभाग ने 15 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा
मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
सामान्य से 1 से 5 डिग्री कम हुआ तापमान
राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। मौसम में आई ठंडक से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
रामगढ़ में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 44.6 मिलीमीटर बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा तिलैया डीवीसी में 39.2 मिमी, कोडरमा डीवीसी में 15.2 मिमी, मंझरी में 14.2 मिमी और हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में 8.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामगढ़ में 7 मिमी, बड़ी में 5.2 मिमी तथा गुमला जिले के बिशनपुर में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, नामकुम सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची में दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश
बुधवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी महसूस की गई। हालांकि दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और कई इलाकों में गर्जन के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
- रांची : अधिकतम 31.8°C, न्यूनतम 21.4°C
- जमशेदपुर : अधिकतम 34.5°C, न्यूनतम 25.6°C
- डाल्टनगंज : अधिकतम 39°C, न्यूनतम 27.4°C
- बोकारो : अधिकतम 34.5°C, न्यूनतम 24.6°C
- चाईबासा : अधिकतम 35.8°C, न्यूनतम 25.4°C



