Ranchi Crime : राजधानी रांची (Ranchi) के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में बीती रात असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी छह से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है, जबकि पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
Ranchi Crime : देर रात कई वाहनों को बनाया निशाना
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश इलाके में पहुंचे और एक के बाद एक कई वाहनों को निशाना बनाया। क्षतिग्रस्त वाहनों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो और सूमो समेत अन्य गाड़ियां शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
तोड़फोड़ की इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। मंगलवार सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों के टूटे शीशे देखे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Weather Alert | 7 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट


