spot_img
spot_img
Homeझारखंडउत्तरी छोटानागपुरRamgarh PVUNL Accident: PVUNL प्लांट में हादसा, संविदा कर्मी की मौत

Related Posts

Ramgarh PVUNL Accident: PVUNL प्लांट में हादसा, संविदा कर्मी की मौत

Ramgarh PVUNL Accident : रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) परियोजना में कार्य के दौरान हुए हादसे में एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान मुकेश कुमार साहू के रूप में हुई है, जो भेल (BHEL) के अधीन कार्यरत ठेका एजेंसी मेसर्स एस.के. सामंता के माध्यम से परियोजना में कार्य कर रहे थे। पीवीयूएनएल प्रबंधन ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

कार्य के दौरान बिगड़ी तबीयत, नाले में गिरने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा प्लांट के मैटेरियल यार्ड क्षेत्र में हुआ। ड्यूटी के दौरान अचानक मुकेश कुमार साहू की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने लगा। संतुलन खोने के कारण वे पास के एक नाले में गिर पड़े, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

रांची रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सहकर्मियों और परियोजना से जुड़े कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रबंधन ने जताया शोक, सहायता का दिया भरोसा

पीवीयूएनएल प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना में सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना के कारणों की भी आंतरिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है। पीवीयूएनएल, एनटीपीसी और झारखंड सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में संचालित देश की महत्वपूर्ण ताप विद्युत परियोजनाओं में शामिल है, जहां विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में संविदा कर्मी कार्यरत हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

हादसे के बाद कर्मचारियों के बीच कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। औद्योगिक परियोजनाओं में कार्यरत श्रमिक संगठनों की ओर से समय-समय पर सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और कार्यस्थल पर सतर्कता बढ़ाने की मांग उठती रही है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Crime: फायरिंग में घायल युवक की मौत, बर्मामाइंस में सड़क जाम

Latest Posts