- 15 मई तक येलो अलर्ट जारी, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
Ranchi: झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मई माह के अधिकांश दिनों में मौसम इसी तरह सुहावना बना रह सकता है। विभाग ने 15 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के कारण झारखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश होने और तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
गोड्डा में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 95.4 मिलीमीटर बारिश गोड्डा में दर्ज की गई। लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई —
- चाईबासा : 50.4 मिमी
- गुड़ाबांधा : 46.4 मिमी
- भुरकुंडा : 38.3 मिमी
- पथरगामा : 37.2 मिमी
- पटमदा : 26.8 मिमी
- चांडिल : 22.2 मिमी
- बोडाम : 21.2 मिमी
- हिरणपुर : 20.4 मिमी
इसके अलावा बड़कागांव, गोइलकेरा, खरसावां और सिसई सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
कुछ इलाकों में अब भी गर्मी का असर
बारिश के बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके क्षेत्र में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि विभाग ने शाम या रात में फिर से बारिश होने की संभावना जताई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
- रांची : अधिकतम 32.4°C, न्यूनतम 19.4°C
- जमशेदपुर : अधिकतम 35.2°C, न्यूनतम 21.6°C
- बोकारो : अधिकतम 32.1°C, न्यूनतम 20.6°C
- चाईबासा : अधिकतम 35.6°C, न्यूनतम 20.6°C
Also Read: Khunti School News : डीएवी स्कूल में मातृ दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन



