Jharkhand ‘Black Sunday’: झारखंड के लिए रविवार का दिन हादसों और मातम का संदेश लेकर आया। राज्य के अलग-अलग जिलों में हुई सड़क दुर्घटनाओं और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने सातपरिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि कोडरमा में हुए भीषण हादसों में 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राजधानी रांची के अनगड़ा से लेकर लौहनगरी जमशेदपुर और कोडरमा की घाटियों तक, हर तरफ तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का तांडव देखने को मिला। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
रांची के अनगड़ा में अनियंत्रित ट्रक ने दो चचेरे भाइयों को रौंदा
राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमघाटी के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। नवाडीह निवासी प्रभात महतो और अनिल महतो अपनी बाइक से गांव की ओर लौट रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा और उसका पहिया भी निकलकर दूर जा गिरा। सिल्ली डीएसपी अनुज कुमार ने बताया कि अनगड़ा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और शवों को रिम्स अस्पताल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

देवरी मंदिर जा रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, बारीडीह में पसरा मातम
जमशेदपुर के बारीडीह से शनिवार देर रात श्रद्धा और उत्साह के साथ देवरी मंदिर दर्शन करने निकले तीन दोस्त सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें दो होनहार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से बारीडीह बजरंग चौक स्थित मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच गहरा शोक व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार (23 वर्ष) और विकास रजक (22 वर्ष) अपने मित्र कप्तान शर्मा के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात तमाड़ स्थित देवरी मंदिर के लिए निकले थे। बाइक कप्तान शर्मा चला रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक चांडिल के समीप पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम (MGM) अस्पताल भेजा। वहां आपातकालीन विभाग के डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद अमन कुमार और विकास रजक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चला रहे कप्तान शर्मा को इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार के बाद इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धालभूमगढ़ में डीसीएम वाहन की टक्कर से अस्पतालकर्मी की मौत
एक अन्य दुखद घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड में घटी, जहाँ रविवार सुबह एक तेज रफ्तार डीसीएम मालवाहक वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान सुमल्य धल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कांथी का निवासी था और जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल में कार्यरत था। सुमल्य नूतनगढ़ स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था और सुबह बाजार जाने के लिए निकला था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय पंचायत समिति सदस्य दीपक महतो और पुलिस अधिकारी फिलिप कुजूर ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब फरार वाहन की पहचान के लिए छानबीन कर रही है।

जमशेदपुर के धातकीडीह तालाब में मिला युवक का शव
हादसों के बीच जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। धातकीडीह तालाब में रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव तैरता देखा। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान धातकीडीह ए-ब्लॉक निवासी 38 वर्षीय जिशान रियाज के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, जिशान शनिवार रात 9 बजे से लापता था। घटनास्थल से उसके कपड़े और जूते बरामद हुए हैं, जिससे मामला संदिग्ध जान पड़ता है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि जिशान को नशे की लत थी और आशंका है कि नशे की हालत में वह तालाब में गिर गया होगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।
कोडरमा में तीन बड़े हादसों में एक की मौत और 18 घायल
कोडरमा जिले में शनिवार रात से रविवार सुबह तक हुए तीन अलग-अलग हादसों ने कोहराम मचा दिया। कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने अपने लेन से हटकर विपरीत दिशा से आ रही तीन कारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण भिड़ंत में दो कारों में सवार बिहार के नालंदा और अन्य क्षेत्रों के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। दूसरी घटना कोडरमा के चिगलावर में हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 17 वर्षीय राजन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका मित्र आकाश ठाकुर गंभीर रूप से घायल होकर रिम्स रेफर किया गया है। वहीं, तीसरी घटना तिलैया के महतोआरा के पास हुई, जहाँ रजरप्पा मंदिर जा रही एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें छह लोग घायल हो गए। इन हादसों में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।
दुर्घटनाएं : एक नजर में
- मृतक : प्रभात महतो, अनिल महतो (रांची), सुमल्य धल (धालभूमगढ़), जिशान रियाज (जमशेदपुर), राजन कुमार (कोडरमा)।
- घायल : कोडरमा के विभिन्न हादसों में कुल 18 लोग घायल हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक है।
- प्रशासनिक कार्रवाई : सभी संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर फरार वाहनों की तलाश जारी।
Also Read : Jharkhand TET language issue : JTET 2026 नियमावली में उर्दू, भोजपुरी और मगही को स्थान नहीं देने पर विरोध तेज



