- कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म, लंबी कतारों में घंटों इंतजार कर रहे लोग
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जब शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ईंधन पूरी तरह समाप्त हो गया, जबकि कई जगहों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल और डीजल की बिक्री की गई। शहर के साकची, मानगो, डिमना, सिदगोड़ा, बिष्टुपुर, पटमदा और आसपास के इलाकों में सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई वाहन चालक घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद बिना ईंधन लिए लौटने को मजबूर हुए।
अनियमित आपूर्ति और बढ़ी मांग बनी वजह
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से तेल कंपनियों की ओर से अनियमित आपूर्ति हो रही है। इसके साथ ही अचानक बढ़ी मांग ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। कई पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में पिछले दो दिनों में ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। ईंधन खत्म होने की खबर फैलते ही लोगों ने जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे संकट और गहरा गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ पेट्रोल पंपों पर प्रति वाहन तीन हजार रुपये तक का पेट्रोल देने और डीजल की सीमित बिक्री का निर्णय लिया गया है।
परिवहन व्यवस्था पर भी असर
डीजल की कमी का असर अब परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। ऑटो चालक, बस संचालक और मालवाहक वाहन मालिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ट्रांसपोर्टरों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा होटल, छोटे उद्योग और जनरेटर पर निर्भर व्यवसायियों ने भी चिंता व्यक्त की है।
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने की हस्तक्षेप की मांग
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तेल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ईंधन आपूर्ति सामान्य कराए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। दुलाल भुईयां ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया।
जल्द सामान्य हो सकती है स्थिति
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि तेल कंपनियों की नई खेप पहुंचने के बाद अगले एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read: Chaibasa News: अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच भट्ठियां ध्वस्त



