- अपर नगर आयुक्त ने टीम सरयू के प्रतिनिधियों को दी जानकारी
- पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
Jamshedpur: मानगो क्षेत्र में जल निकासी और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी कर ली है। अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने जानकारी दी है कि मानगो के बड़े नालों की सफाई का कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा गौड़ बस्ती में पेयजलापूर्ति के समय में भी बदलाव किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी उन्होंने अपने कार्यालय में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा सहित पप्पू सिंह, संतोष भगत, पिंटू सिंह, प्रवीण सिंह और वीरू सिंह के साथ हुई बैठक के दौरान दी।
गौड़ बस्ती में रात 12 बजे की जगह बदलेगा जलापूर्ति का समय
बैठक के दौरान गौड़ बस्ती में पेयजलापूर्ति के समय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वर्तमान में क्षेत्र में रात 12 बजे से जलापूर्ति की जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी असुविधा होती है। इस मुद्दे को विधायक सरयू राय ने विधानसभा में भी उठाया था। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि जलापूर्ति की वर्तमान व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को अधिक सुविधाजनक समय पर पानी उपलब्ध कराया जाए।
Jamshedpur News : आस्था स्पेस टाउन में बाइपास लाइन शुरू करने का प्रस्ताव
बैठक में मुकुल मिश्रा ने आस्था स्पेस टाउन क्षेत्र में बाइपास व्यवस्था को जल्द शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इसके चालू होने से शंकोसाईं, सुभाष कॉलोनी और कालिका नगर क्षेत्रों में पेयजल संकट काफी हद तक दूर हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन इलाकों में लगभग 40 मिनट तक जलापूर्ति होती है, जबकि बाइपास लाइन चालू होने के बाद अतिरिक्त एक घंटे तक पानी की आपूर्ति संभव हो सकेगी। इस पर अपर नगर आयुक्त ने संबंधित सहायक अभियंता को निर्देश दिया कि लाइन को शीघ्र चालू करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा हो तो संबंधित फाइल उन्हें उपलब्ध कराई जाए ताकि तत्काल निर्णय लिया जा सके।
351 नई स्ट्रीट लाइटों के शीघ्र वितरण पर जोर
बैठक में क्षेत्र में लाई गई 351 नई स्ट्रीट लाइटों के वितरण और स्थापना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मुकुल मिश्रा ने मांग की कि इन स्ट्रीट लाइटों को जरूरत वाले क्षेत्रों में शीघ्र लगाया जाए ताकि लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट लगाने के संबंध में किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव या हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय आवश्यकता और जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना चाहिए। इस पर अपर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
Jamshedpur News : अवैध जल कनेक्शनों की होगी जांच
बैठक के दौरान मानगो क्षेत्र में पेयजलापूर्ति के वैध और अवैध कनेक्शनों का मुद्दा भी उठाया गया। मुकुल मिश्रा ने मांग की कि सभी वैध कनेक्शनों का विवरण सार्वजनिक किया जाए और यह जांच की जाए कि कितने कनेक्शन अधिकृत हैं तथा कितने अनधिकृत।
उन्होंने आशंका जताई कि अवैध कनेक्शनों के कारण कई वैध उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन लोगों के पास अवैध कनेक्शन हैं, उन्हें या तो नियमित कर वैध बनाया जाए अथवा नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने इस मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया और कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



