हाईवे टास्क फोर्स की बैठक में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर वार, 7 जगहों पर लगेंगे स्पीड गन कैमरे
Jamshedpur Highway Safety: राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों को रोकने और घायलों की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को त्वरित रिस्पॉन्स का सख्त आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की टीम और एंबुलेंस बिना देर किए मौके पर पहुंचे। समाहरणालय सभागार में आयोजित डिस्ट्रिक्ट हाईवे टास्क फोर्स की बैठक में सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
Jamshedpur Highway Safety: अवैध पार्किंग पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, हाईवे से हटे 71 अतिक्रमण
उपायुक्त ने हाईवे पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान तेज करने का फरमान सुनाया। अवैध पार्किंग करने वालों पर जुर्माना ठोंका जाएगा। इस कार्रवाई का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा ताकि अन्य चालक सचेत रहें। बैठक में बताया गया कि धालभूमगढ़, घाटशिला और कोकपाड़ा में 71 अवैध कब्जे हटाए गए हैं। अब पारडीह, डिमना चौक, डांगा और बालिगुमा में भी बुलडोजर चलेगा। एसडीएम धालभूम को इसका जिम्मा सौंपा गया है।
Jamshedpur Highway Safety: अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा खर्च, सीमा पर होगी पक्की मार्किंग
हाईवे की जमीन पर दोबारा कब्जा रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। एनएचएआई को हाईवे सीमा की स्पष्ट मार्किंग करने को कहा गया है। प्रशासन पहले माइकिंग कराकर लोगों को खुद हटने का मौका देगा। यदि प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ा, तो पूरा खर्च कब्जाधारियों से वसूला जाएगा। इसके साथ ही हवा में उड़ने वाली धूल से राहत के लिए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया।
सात ब्लैक स्पॉट पर स्पीड गन कैमरे, कोकपाड़ा के पास बनी वे-साइड एमेनिटीज
सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए चिन्हित सात स्थानों पर जल्द स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। तेज रफ्तार पर लगाम कसने के लिए गति सीमा और नो-पार्किंग के साफ साइन बोर्ड लगेंगे। बैठक में बताया गया कि कोकपाड़ा के चोईरा मौजा में वे-साइड एमेनिटीज तैयार हो चुकी है। तीन अन्य स्थानों पर भी यात्रियों के लिए जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब और डीडीसी नागेन्द्र पासवान समेत तमाम आला अफसर मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : JSCA Stadium Security: भारत-विंडीज मैच पर पुलिस का कड़ा पहरा


