spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलJamshedpur Durga Puja: दुर्गापूजा को ले डीसी ने किया इमामों संग मंथन

Related Posts

Jamshedpur Durga Puja: दुर्गापूजा को ले डीसी ने किया इमामों संग मंथन

समाहरणालय में डीसी-एसएसपी ने की अहम बैठक, एआई जनरेटेड फेक वीडियो और अफवाहों से बचने की अपील

Jamshedpur Durga Puja: शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में सोमवार को एक अहम बैठक हुई। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहर के पेश-ए-इमाम, मस्जिदों के अध्यक्षों और सचिवों के साथ सीधा संवाद किया। बैठक में सभी ने आपसी भाईचारा बनाए रखने और पर्व को सौहार्द्र से मनाने का साझा संकल्प लिया।

Jamshedpur Durga Puja: विसर्जन घाटों से लेकर पंडालों तक सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त

बैठक में नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई। पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों पर कुशल गोताखोरों की तैनाती रहेगी। बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था होगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। उपायुक्त ने नगर निकाय और संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया।

Jamshedpur Durga Puja: एआई वाले फेक वीडियो और भ्रामक तस्वीरों से रहें सावधान, डीसी की युवाओं से अपील

उपायुक्त राजीव रंजन ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर खास सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान भ्रामक सूचनाएं फैलाने की कोशिश हो सकती है। एआई (AI) तकनीक से तैयार किए गए फर्जी वीडियो और एडिटेड तस्वीरों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बिना पुष्टि किसी भी पोस्ट को शेयर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे पर निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। एसएसपी ने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे समाज में जागरूकता फैलाएं। सामूहिक जिम्मेदारी से ही शहर में शांति कायम रह सकती है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Highway Safety: हादसों पर तुरंत पहुंचेगी एंबुलेंस, डीसी सख्त

Latest Posts