- पारिवारिक विवाद ने लिया खतरनाक रूप
Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार को एक युवक ने नशे की हालत में अपने ही घर में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों को बाहर निकालकर लगाई आग
आरोपी की पहचान राजा प्रसाद के रूप में हुई है, जो पेशे से वाहन चालक बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वह पिछले कई दिनों से नशे में परिजनों के साथ विवाद कर रहा था। गुरुवार सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया और फिर अंदर से दरवाजा बंद कर आग लगा दी।
धू-धू कर जला घर, सामान हुआ खाक
आग लगते ही घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग फैलने का खतरा काफी बढ़ गया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बस्ती के युवाओं ने पानी और पाइप की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। साथ ही आसपास के घरों से गैस सिलेंडर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। सबसे अहम बात यह रही कि आरोपी के घर में मौजूद सिलेंडर को भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित विस्फोट टल गया।
दमकल की मदद से आग पर काबू
सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
परिवार बेघर, कोई जनहानि नहीं
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया और परिवार बेघर हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
Also Read: Giridih Murder: पत्थर खदान विवाद में भतीजे ने चाचा की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी फरार



