- मिशन अस्पताल के पास देर रात हुआ भीषण हादसा, बिजली के पोल और चापाकल से टकराई कार, चालक गंभीर
Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग शहर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा मिशन अस्पताल के समीप हुआ, जहां कार लोगों को टक्कर मारने के बाद बिजली के पोल और चापाकल से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
Jharkhand News: घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक का भी उसी अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अत्यधिक तेज गति में थी। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल और चापाकल से जा भिड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुर्घटना के समय वहां अधिक भीड़ होती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
Jharkhand News: भाजपा सांसद के मीडिया प्रभारी पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलने के बाद भाजपा सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया तथा घायलों का हालचाल जाना। रंजन चौधरी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना इस तरह की दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और नशे की अवस्था में ड्राइविंग बिल्कुल न करें।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही घायल लोगों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
Jharkhand News: सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और जिम्मेदारी से वाहन चलाना ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।
Also Read: Jamshedpur News: जमशेदपुर के धतकीडीह तालाब से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस



