- मुख्य बाजार में चोरी की बड़ी वारदात से व्यापारियों में दहशत
Big Theft : जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो मोबाइल दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों के शटर का ताला तोड़कर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के महंगे मोबाइल फोन और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
सुबह दुकान खुलते ही सामने आई वारदात
शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन गायब थे। सूचना मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही बड़ाजामदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने पूरी योजना के तहत कम समय में वारदात को अंजाम दिया और बड़ी संख्या में मोबाइल लेकर फरार हो गए।
एक दिन पहले चोरी के मामले में नाबालिग पकड़ा गया था
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विशेषकर मोबाइल दुकानों और छोटे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व हुई चोरी की घटना में पुलिस ने एक नाबालिग को चोरी किए गए मोबाइल के साथ पकड़ा था, जिससे पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं।
ओडिशा से आने वाले नाबालिगों पर संदेह
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि इन वारदातों में पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने वाले कुछ नाबालिग शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि नशे की लत के कारण ये बच्चे चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।
व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।उन्होंने बाजार में नियमित पेट्रोलिंग, सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।
Also Read : Hatgamharia Road Accident : हाटगम्हरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, छोटा हाथी से टक्कर में दो युवकों की मौत



