spot_img
spot_img
HomeBJPRanchi BJP Meet: कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव का हेमंत सरकार पर...

Related Posts

Ranchi BJP Meet: कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव का हेमंत सरकार पर तीखा हमला, कहा- ‘सीओ कार्यालय बने लूट के अड्डे’

Ranchi BJP Meet: सुकुरहुटू में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Ranchi BJP Meet: राजधानी रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार केवल नौकरियां ही नहीं, बल्कि यहां के युवाओं के सुनहरे सपनों को भी बेच रही है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान हर मंगलवार को नियमित रूप से कैबिनेट की बैठक होती थी और प्रोजेक्ट भवन में जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाता था, लेकिन मौजूदा सरकार में 40 दिनों से अधिक बीत जाने के बाद भी कैबिनेट की एक बैठक तक आयोजित नहीं की गई है।

Ranchi BJP Meet: ‘सीओ ऑफिस बन चुके हैं भ्रष्टाचार के अड्डे’

विधायक डॉ. नीरा यादव ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि आज प्रदेश के अंचल (CO) कार्यालय भ्रष्टाचार और लूट के बड़े अड्डे बन चुके हैं। राज्य में कभी ट्रेजरी घोटाला तो कभी डीएमएफटी (DMFT) फंड घोटाले की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि यहां के जंगलों और कीमती खनिजों को खुलेआम लूटा जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झारखंड में तेजी से डेमोग्राफिक (जनसांख्यिकीय) बदलाव हो रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार के पास इसे रोकने के लिए न तो कोई इच्छाशक्ति है और न ही कोई विजन। उन्होंने दावा किया कि केवल अपनी वोट बैंक की गंदी राजनीति के कारण यह सरकार एसआईआर (SIR) का पुरजोर विरोध कर रही है और अवैध घुसपैठियों को संरक्षण देने में जुटी हुई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस झारखंड राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था, उसे संवारने और बचाने का काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही करेगी।

Ranchi BJP Meet: पीएम मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल और साहसिक फैसलों की सराहना

कार्यसमिति की बैठक के निष्कर्षों को साझा करते हुए डॉ. नीरा यादव ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिन्हें जमीनी संगठन की गहरी समझ है। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के सफल 25 वर्षों के सेवाकाल और जनकल्याणकारी कार्यों की जमकर सराहना की गई।

उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में कोई रुकावट न आए और भारत का स्वाभिमान विश्व पटल पर ऊंचा रहे, इसके लिए पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कई साहसी और ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में भारतीय सैनिकों के सिर तक काट लिए जाते थे, लेकिन वर्तमान मजबूत मोदी सरकार ने सेना को पूरी तरह सशक्त किया है और आज भारत रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं बल्कि कई देशों को स्वदेशी रक्षा उत्पादों का निर्यात करने वाला देश बन गया है।

Ranchi BJP Meet: जनजातीय गौरव और गरीबों के उत्थान पर जोर

डॉ. नीरा यादव ने हेमंत सरकार पर आदिवासियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य होने के बावजूद स्थानीय सरकार ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। इसके विपरीत, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित कर अमर शहीद सिदो-कान्हू, तिलका मांझी और वीरांगना फूलो-झानो जैसे महान सेनानियों को ऐतिहासिक सम्मान दिया है।

गरीबी उन्मूलन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बरसात के दिनों में गरीबों की छतों से पानी टपकता था और गरीब मांओं को अपने बच्चों के साथ रातभर बर्तन रखकर जागना पड़ता था। इस दर्द को समझते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 2 करोड़ 64 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया है। कोविड काल से शुरू की गई मुफ्त राशन योजना, 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान भारत योजना, ‘हर घर नल से जल’ और युवाओं के लिए चलाई जा रही रोजगारपरक योजनाओं ने देश के करोड़ों गरीबों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है।

read also:Ranchi News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने SIR और मतदाता सूची अपडेशन को लेकर दिए सख्त निर्देश, 26 अक्टूबर को मान्यता प्राप्त दलों के साथ होगी समीक्षा

 

Latest Posts