पारडीह से बालीगुमा-भिलाई पहाड़ तक सड़क पर गड्ढों और धूल से लोग परेशान, एनएचएआई पर वादाखिलाफी का आरोप
Mango NH 33: मानगो में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (एनएच-33) की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि दशहरा के बाद भी सड़क निर्माण का काम नियमित रूप से शुरू नहीं हुआ और धूल से राहत नहीं मिली, तो एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस मामले को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी उठाया जाएगा।
शनिवार को सरयू राय ने वार्ड पार्षद राजेश सिंह और स्थानीय लोगों के साथ एनएच-33 का निरीक्षण किया। इस दौरान पारडीह से बालीगुमा-भिलाई पहाड़ तक सड़क की स्थिति देखी गई। जगह-जगह गड्ढे और दरारें मिलने के साथ वाहनों के गुजरने पर उड़ती धूल से लोगों को हो रही परेशानी भी सामने आई।
Mango NH 33: गड्ढों और टूटी सड़क के कारण परेशानी
विधायक ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गड्ढों और टूटी सड़क के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहनों की आवाजाही से उठने वाली धूल आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी मुसीबत बनी हुई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है।
एक दिन काम के बाद फिर बंद हुआ निर्माण
सरयू राय ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर एक अक्टूबर को वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने समर्थकों के साथ धरना दिया था। इसके बाद उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की थी। उस दौरान अधिकारियों ने तीन अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू करने और धूल पर नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन दिया था।
विधायक के मुताबिक, तीन अक्टूबर को काम शुरू हुआ, लेकिन अगले ही दिन से निर्माण कार्य फिर बंद हो गया। इसके बाद न तो सड़क की मरम्मत का काम आगे बढ़ा और न ही धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया गया।
Mango NH 33: एलिवेटेड कॉरिडोर की धीमी रफ्तार पर भी नाराजगी
विधायक सरयू राय ने मानगो में करीब आठ किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की धीमी गति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों और संबंधित संवेदक पर काम में लापरवाही बरतने तथा लोगों की परेशानी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। सरयू राय ने कहा कि सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाना जरूरी है, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दशहरा के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें :


