Jamshedpur Aftab Alam Murder : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चर्चित मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना से पहले रेकी के लिए इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की साजिश और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Jamshedpur Aftab Alam Murder: एसआईटी की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित कुमार मीणा ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी के रूप में हुई है। दोनों को कैरेज कॉलोनी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। कुलसुम बीबी मुख्य आरोपित शाहरुख की पत्नी है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों की निशानदेही पर वह स्कूटी भी बरामद की गई है, जिसका उपयोग घटना से पहले आफताब आलम की गतिविधियों की रेकी करने में किया गया था। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे जांच एजेंसी को आशंका है कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से इसका इस्तेमाल किया गया।
Jamshedpur Aftab Alam Murder: हत्या के बाद गठित हुई थी एसआईटी
रविवार रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप मोहम्मद आफताब आलम पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया, जहां मंगलवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
आरोपित का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मोहम्मद समद का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने डकैती मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
परिजनों का प्रदर्शन, जल्द गिरफ्तारी की मांग
आफताब आलम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने बर्मामाइंस थाना के बाहर प्रदर्शन कर सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक सभी नामजद आरोपित गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से पुलिस पहले ही 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर 11 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Crime: फायरिंग में घायल युवक की मौत, बर्मामाइंस में सड़क जाम


