spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur News: गुरमा में हिट एंड रन का शिकार बना ट्रक चालक,...

Related Posts

Jamshedpur News: गुरमा में हिट एंड रन का शिकार बना ट्रक चालक, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

  • एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास हुआ दर्दनाक हादसा, भोजन करने के लिए सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमा गांव स्थित चांदनी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल चालक पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jamshedpur News: भोजन करने जा रहे चालक को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय विनेश यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ घाटशिला में रह रहे थे। बताया गया कि विनेश यादव ट्रक लेकर टाटा क्षेत्र में माल पहुंचाने के बाद वापस घाटशिला लौट रहे थे। सोमवार रात गुरमा स्थित चांदनी चौक के पास उन्होंने अपना ट्रक हाईवे किनारे खड़ा किया और भोजन करने के लिए सड़क पार कर एक लाइन होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

रातभर सड़क किनारे पड़े रहे घायल चालक

हादसे के बाद विनेश यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़े रहे। उनके साथियों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो सका। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर घायल चालक पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Jamshedpur News: परिवार में पसरा मातम

विनेश यादव की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि वह अपने पीछे चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Khunti News: शहीद दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी गई श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

Latest Posts