- रेल सिविल डिफेंस के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 250 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, सीपीआर, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन तकनीकों की दी गई जानकारी
Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटानगर स्थित न्यू इलेक्ट्रिक लोको शेड परिसर में मंगलवार को रेल सिविल डिफेंस की ओर से आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन संबंधी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टाइम ऑफिस के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 कर्मचारियों ने भाग लिया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था।
सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता : अंशुमान सिंह
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलवे के तकनीकी और परिचालन कार्यस्थलों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबंधन तकनीकों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जान-माल की हानि को कम किया जा सके।
Tatanagar Railway News: आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की दी गई जानकारी
रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कर्मचारियों को संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों और प्राथमिक उपचार की विभिन्न तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्यू इलेक्ट्रिक लोको शेड रेलवे का एक महत्वपूर्ण विभाग है, जहां राजधानी, दुरंतो, सुपरफास्ट यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के इंजनों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य किया जाता है। ऐसे संवेदनशील कार्यस्थल पर कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है।
सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट का प्रदर्शन
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) की व्यावहारिक जानकारी दी गई। डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने बेहोश व्यक्ति की स्थिति का आकलन करने, सांस और नाड़ी की जांच करने तथा जरूरत पड़ने पर सीपीआर देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि किसी व्यक्ति की जान बचाने में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार जीवन रक्षक साबित हो सकता है।
Tatanagar Railway News: अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित उपयोग की दी गई ट्रेनिंग
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का सुरक्षित संचालन भी सिखाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक और उपकरणों का उपयोग कर बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। कर्मचारियों को फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का लाइव डेमो भी दिखाया गया।
चोट और फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार के तरीके
प्रशिक्षण में भारी सामान उठाने के दौरान होने वाली चोटों, कॉलर बोन फ्रैक्चर, कलाई की चोट और अन्य सामान्य दुर्घटनाओं की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार देने के तरीके भी सिखाए गए। विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले दिया गया सही प्राथमिक उपचार मरीज की स्थिति को गंभीर होने से बचा सकता है।
Tatanagar Railway News: कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक मंडल विद्युत अभियंता सुदीप आचार्य, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार, आर.एन. महतो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, वरिष्ठ तकनीशियन, तकनीशियन और लिपिकीय कर्मचारी उपस्थित रहे।सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यावहारिक बताते हुए इसकी सराहना की।
रेल सिविल डिफेंस की पहल की सराहना
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह ने रेल सिविल डिफेंस की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करते हैं।
Also Read: Jharkhand News: GST कलेक्शन में गिरावट! झारखंड की ग्रोथ रेट हुई शून्य, क्या है बड़ी वजह?



