spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur News: जमशेदपुर में देर रात दो जगहों पर फायरिंग से दहशत,...

Related Posts

Jamshedpur News: जमशेदपुर में देर रात दो जगहों पर फायरिंग से दहशत, रंगदारी और नशेबाजी विवाद की जांच में जुटी पुलिस

  • गोलमुरी थाना क्षेत्र में पांच घंटे के भीतर दो फायरिंग की घटनाएं, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

Jamshedpur: के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। महज पाँच घंटे के अंतराल में नामदा बस्ती और आसपास के क्षेत्र में कुल पाँच राउंड गोलियाँ चलायी गईं। पुलिस दोनों घटनाओं को आपस में जुड़ी मानकर जांच कर रही है। घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पड़ोसी विवाद में बुजुर्ग महिला पर फायरिंग

पहली घटना नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई। जानकारी के अनुसार पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि वीर सिंह उर्फ पंडित नामक युवक ने अमन सिंह के घर पहुंचकर उनकी मां राज कौर पर गोली चला दी। हालांकि गोली राज कौर को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

Jamshedpur News: नशेबाजी को लेकर बढ़ा विवाद

पीड़ित अमन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई विक्की सिंह गलत संगत और नशे की गिरफ्त में जा रहा था। परिवार को शक था कि पड़ोस में रहने वाला वीर सिंह उर्फ पंडित उसे नशे की ओर धकेल रहा है। परिवार की ओर से पहले विक्की सिंह को समझाया गया और बाद में वीर सिंह को भी चेतावनी दी गई थी कि वह विक्की से दूरी बनाए। आरोप है कि इसी रंजिश में वीर सिंह ने घर पहुंचकर फायरिंग की और भागते समय जान से मारने की धमकी भी दी।

दूसरी घटना में 20 लाख की रंगदारी की मांग

पहली घटना के करीब पांच घंटे बाद रात 12:56 बजे दूसरी फायरिंग की घटना सामने आई। अपराधियों ने राज नामक व्यक्ति के घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में दहशत फैल गई।

Jamshedpur News: मोबाइल पर मिली जान से मारने की धमकी

पीड़ित राज ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को “कुंडी” बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कॉलर ने यह भी कहा कि पैसे नहीं दिए तो उन्हें “कन्हैया यादव के पास ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।” उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी “कुंडी” का नाम सामने आया था और वह अब तक फरार बताया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच और छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस दोनों मामलों में आपसी संबंध, रंगदारी गिरोह और आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Jamshedpur News: इलाके में दहशत का माहौल

लगातार हुई दो फायरिंग घटनाओं के बाद नामदा बस्ती और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: Hazaribagh News: महुआ शराब के गैस से एक ही परिवार के तीन की मौत, हजारीबाग में दर्दनाक हादसे से सनसनी

Latest Posts