- लकड़ी चुनने गई थीं दोनों बच्चियां, नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने की आशंका
Jharkhand: गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब से दोनों बच्चियों के शव बरामद होने के बाद पूरे गांव में मातम और चीख-पुकार का माहौल बन गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत बच्चियों की पहचान पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी के रूप में हुई है।
लकड़ी चुनने गई थीं दोनों बच्चियां
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों बच्चियां घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पूरी रात आसपास के इलाकों में दोनों बच्चियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
Jharkhand Accident News: सुबह तालाब में मिला शव, मच गई चीख-पुकार
बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब के पास पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैरते शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
नहाने के दौरान डूबने की आशंका
स्थानीय ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण संभवतः दोनों बच्चियां तालाब में नहाने उतर गई थीं। लेकिन उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था और नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
Jharkhand Accident News: सुरक्षा व्यवस्था और घेराबंदी की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों ने तालाब के आसपास घेराबंदी कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
Also Read: Dhanbad News: धनबाद के चौधरी स्वीट्स में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख



