- डिमना रोड पर तेज धूप में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
Jamshedpur: में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू का असर अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। गुरुवार को मानगो थाना क्षेत्र में एक अज्ञात मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मजदूर की मौत लू लगने और अत्यधिक गर्मी के कारण हुई है।
तेज धूप में अचानक सड़क पर गिर पड़ा मजदूर
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर मानगो थाना क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर Blue Bells School के समीप एक मजदूर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण उसे अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर सड़क किनारे बैठाया और पानी पिलाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
Jamshedpur Heatwave News: अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में मजदूर को इलाज के लिए MGM Hospital पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच गर्मी और लू को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय थानों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
Jamshedpur Heatwave News: भीषण गर्मी से लोगों की बढ़ी परेशानी
शहर में लगातार बढ़ते तापमान और चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।



