- जमशेदपुर में इलाज के दौरान तड़के 3 बजे ली अंतिम सांस, जनसेवा और सरल स्वभाव के लिए थे जाने जाते
Jamshedpur: जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड के विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सालकु हेम्ब्रम का मंगलवार तड़के निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए जमशेदपुर में भर्ती थे, जहां सुबह करीब 3 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही पूरे प्रखंड और जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
जनसेवा के लिए समर्पित अधिकारी
सालकु हेम्ब्रम एक कर्मठ, सरल और मिलनसार अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर प्रशासन को जनहित से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से कई जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
कार्यालय में शोक, सहकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन से प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुख व्याप्त है। सहकर्मियों के अनुसार, वे एक सख्त लेकिन न्यायप्रिय अधिकारी होने के साथ-साथ एक मार्गदर्शक भी थे। निधन की सूचना मिलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में शोक का माहौल छा गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला प्रशासन ने जताया शोक
जिला प्रशासन ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक सेवा के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
Also Read: Jharkhand News: अधिवक्ता महेश तिवारी की सजा पर फिलहाल रोक नहीं, अगली सुनवाई 16 मई को



