- खुदकुशी की आशंका, पहचान में जुटी पुलिस
Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सीरका गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक सिंचाई कुएं के अंदर एक अज्ञात युवती का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव कुएं के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं से दुर्गंध आने और संदिग्ध स्थिति देखने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद निकाला गया शव
कुएं की गहराई और उसमें भरे पानी के कारण शव को बाहर निकालना आसान नहीं था। इसके लिए हाइड्रा और पोकलेन मशीन की मदद ली गई। काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक शव पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया।
प्रथम दृष्टया खुदकुशी की आशंका
थाना प्रभारी संतन तिवारी के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवती ने दुपट्टे के सहारे फंदा बनाकर कुएं के अंदर ही अपनी जान दी।
कुएं के भीतर पत्थरों से बने अस्थायी सीढ़ीनुमा रास्ते भी मिले हैं, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि युवती खुद ही नीचे उतरी थी।
पहचान के लिए जांच जारी
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। शव पर चेकदार गुलाबी पायजामा, पिंक दुपट्टा और सफेद सलवार-कमीज मिला है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी मामलों से मिलान कर युवती की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इलाके में दहशत, जांच जारी
इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं—हत्या या आत्महत्या—की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



