Ramgarh: जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अपराधी 9 एमएम पिस्टल लेकर पतरातू क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया और छापेमारी की योजना बनाई गई।
सालिया गांव से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सालिया गांव में छापेमारी कर अनीस अंसारी नामक अपराधी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम का पिस्टल बरामद किया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह राहुल दुबे गैंग से जुड़ा हुआ है।
रंगदारी में इस्तेमाल हुआ था यही हथियार
एसडीपीओ ने बताया कि गैंग द्वारा जिस पिस्टल से फायरिंग कर रंगदारी मांगी गई थी, वही हथियार अनीस अंसारी के पास से बरामद हुआ है। बरामद पिस्टल पर तुर्की की जिगना कंपनी का लोगो भी पाया गया है, जिससे हथियार की अंतरराष्ट्रीय सप्लाई कनेक्शन की आशंका भी जताई जा रही है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार अनीस अंसारी के खिलाफ पहले भी रंगदारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में
- सत्येंद्र कुमार सिंह
- शिवलाल कुमार गुप्ता
- अख्तर अली
सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।



