- सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा
Jamshedpur: उलीडीह ओपी क्षेत्र के डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई। यह हादसा माउंट व्यू स्कूल के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ।
स्कूटी के पास खड़े थे, तभी मारी टक्कर
मृतक की पहचान सुभाष कॉलोनी निवासी शशि भूषण (38) के रूप में हुई है, जो Supreme Court of India में अधिवक्ता थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी।
50 फीट तक घसीटा, मौके पर मचा हड़कंप
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
चालक को पकड़ा, फिर हुआ फरार
घटना के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई भी कर दी। हालांकि, अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में हुई मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली से लौटे थे, परिवार में मातम
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि शशि भूषण उसी सुबह दिल्ली से लौटे थे और किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और जानने वालों में शोक की लहर है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



