• समारोह में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने जताया आभार
Jamshedpur Cooperative College news : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के सम्मान में एक गरिमामय धन्यवाद एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंटर के शिक्षकों के सम्मान में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पूरे महाविद्यालय परिवार ने भावनात्मक माहौल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे एवं इंटर इंचार्ज डॉ. स्वाति सोरेन द्वारा इंटर के शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया। इस दौरान सभी शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पांच वर्षों के अनुभव साझा कर भावुक हुए डॉ. अमर सिंह
अपने संबोधन में डॉ. अमर सिंह ने कॉलेज में अपने पांच वर्षों के कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने प्राचार्य का पदभार संभाला और संस्थान को वर्तमान मुकाम तक पहुंचाने के लिए किस तरह कठिनाइयों का सामना किया। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से ही संस्थान का संचालन सफलतापूर्वक संभव हो पाया।
वर्तमान प्राचार्य ने सराहा योगदान, बताया प्रेरणास्रोत
वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने डॉ. अमर सिंह को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. अमर सिंह का मार्गदर्शन और नेतृत्व कॉलेज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षकों ने गिनाईं उपलब्धियां और पहल
इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार रवानी ने कहा कि डॉ. अमर सिंह ने संस्थान में सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया और कार्य की बारीकियों से अवगत कराया। उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन ने कॉलेज में लाइब्रेरी, थिएटर, सांस्कृतिक गतिविधियों और एलुमनी जैसी पहलों में उनके विशेष योगदान को रेखांकित किया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राकेश ने उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इसके अलावा सीनेट सदस्य डॉ. अमर कुमार, डॉ. अनुपम, डॉ. रुचिका, डॉ. प्रियंका सिंह, दुर्गा तामसोय और चंदन कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना की।
भावुक माहौल में दी गई विदाई
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भावुक माहौल में उपहार भेंट कर डॉ. अमर सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई दी। समारोह का संचालन अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंतरा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीनेट सदस्य एवं जंतुशास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमर कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. मंगला श्रीवास्तव, डॉ. विष्णु शंकर सिन्हा, डॉ. अनिल कुमार झा, विश्वनाथ, संजय सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Mumbai Jharkhand Bhawan : मुंबई में झारखंड भवन निर्माण का रास्ता साफ, नवी मुंबई के वाशी में मिली जमीन



