सिदगोड़ा थाना पुलिस की कार्रवाई, बारीडीह से आरोपी दबोचा गया
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर निवासी पिकू कर्मकार उर्फ पुसा (36) के रूप में हुई है। इस पूरे मामले की जानकारी मंगलवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित की गई विशेष टीम
सिटी एसपी ने बताया कि 6 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह क्षेत्र का एक युवक बारीडीह इलाके में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देखते ही भागा, पीछा कर पकड़ा गया
विशेष टीम ने बारीडीह गोलचक्कर के आसपास सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान काशाई रोड के पास संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में 3.71 ग्राम गांजा बरामद
पकड़े जाने के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 3.71 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पहले से आपराधिक इतिहास, दो बार जा चुका है जेल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और दो बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एक मामला परसुडीह में चोरी का दर्ज है, जबकि दूसरा मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजाब के अमृतसर में दर्ज है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
फिलहाल सिदगोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।



